बोकारो। सेक्टर-4 थाना क्षेत्र के सिटी सेंटर स्थित तनिष्क ज्वेलर्स शोरूम में 11 जनवरी 2026 को हथियार के बल पर लूट का प्रयास करने के मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस घटना के बाद सेक्टर-4 थाना में कांड संख्या 02/26 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में अज्ञात अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस अधीक्षक बोकारो के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक नगर आलोक रंजन के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने मानवीय और तकनीकी सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 2 मार्च 2026 को मामले में शामिल दो आरोपियों को अलग-अलग राज्यों से गिरफ्तार किया। पुलिस ने शुभम कुमार (पिता राम पुर्ती सिंह, निवासी चेरिया बरियारपुर, थाना चेरिया बरियारपुर, जिला बेगूसराय) को सूरत (गुजरात) से तथा पंकज कुमार (पिता दिनेश सिंह, निवासी चेरिया बरियारपुर, थाना चेरिया बरियारपुर, जिला बेगूसराय) को बैंगलोर (कर्नाटक) से ट्रांजिट रिमांड पर गिरफ्तार कर बोकारो लाया। पूछताछ में दोनों ने सिटी सेंटर स्थित तनिष्क ज्वेलर्स शोरूम में लूट के प्रयास में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने दो देशी पिस्टल, चार जिंदा गोलियां और एक अपाची मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी शुभम कुमार के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें चेरिया बरियारपुर थाना कांड संख्या 90/2024, चेरिया बरियारपुर थाना कांड संख्या 180/2025, रतनपुर थाना कांड संख्या 53/2024 तथा मुंगेर (मु.) थाना कांड संख्या 30/2025 शामिल हैं। वहीं पंकज कुमार के खिलाफ चेरिया बरियारपुर थाना कांड संख्या 180/2025 और मुंगेर (मु.) थाना कांड संख्या 30/2025 दर्ज है।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में शामिल दो अन्य आरोपी प्रिंस कुमार और समशाद को पूर्व में गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। छापामारी दल में पुलिस उपाधीक्षक नगर आलोक रंजन, सेक्टर-4 थाना प्रभारी संजय कुमार, तकनीकी शाखा प्रभारी विक्रम कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक मुन्ना रमानी, पुलिस अवर निरीक्षक कुमार विक्रम सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक अवेन्द्र कुमार साव, पुलिस अवर निरीक्षक मंटु कुमार, आरक्षी बब्लू गोप, आरक्षी अनुप कुमार साहु, आरक्षी मुकेश कुमार राय, आरक्षी हरिश चन्द्र राम, आरक्षी मो. इलयास अंसारी तथा आरक्षी अनिल कुमार सिंह शामिल थे।
