डांडिया कार्यक्रम के दौरान युवती से मारपीट और छेड़खानी का आरोप, युवक गिरफ्तार

बोकारो। चंद्रपुरा थाना क्षेत्र के मकोली ग्राउंड में आयोजित डांडिया कार्यक्रम के दौरान 18 वर्षीय युवती से मारपीट और छेड़खानी के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मकोली की अंबे कॉलोनी निवासी नीरज कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।

पुलिस को दिए लिखित आवेदन में राधेकृष्ण मंदिर, झारखंड कॉलोनी, मकोली निवासी किरण कुमारी ने आरोप लगाया कि 14 अक्टूबर को डांडिया कार्यक्रम के दौरान नीरज कुमार ने उसके साथ मारपीट और छेड़खानी की। आवेदन के आधार पर चंद्रपुरा थाना में 15 अक्टूबर को कांड संख्या 120/2026 दर्ज किया गया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 126(2), 115(2), 74, 351(2) और 352 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

छापेमारी दल में चंद्रपुरा थाना प्रभारी श्रीनिवास कुमार सिंह, मकोली ओपी प्रभारी शशिकांत ठाकुर और चंद्रपुरा थाना के रिजर्व गार्ड शामिल थे।

Translate »