बोकारो। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस 2026 के अवसर पर बोकारो पुलिस ने नारी शक्ति का संदेश देते हुए शहर में विशेष अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह के नेतृत्व में महिला पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों ने शहर के विभिन्न स्थानों पर एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाकर वाहनों की जांच की और लोगों को सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
अभियान के दौरान बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट और ब्लैक फिल्म लगी गाड़ियों की जांच की गई। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों को चेतावनी देते हुए यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई। वहीं हेलमेट पहनकर सुरक्षित वाहन चला रही महिलाओं को गुलाब का फूल देकर सम्मानित किया गया और सुरक्षित ड्राइविंग के लिए प्रोत्साहित किया गया।

मौके पर बोकारो पुलिस अधीक्षक (एसपी) हरविंदर सिंह ने कहा कि आज की महिलाएं अपने टैलेंट, मेहनत और आत्मविश्वास के दम पर समाज के हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं। कई मामलों में वे पुरुषों से बेहतर प्रदर्शन कर रही हैं और अपनी क्षमता का लोहा मनवा रही हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में महिलाएं प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल और व्यवसाय सहित विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। एसपी ने कहा कि महिलाएं अपनी जिम्मेदारियों को भली-भांति समझती हैं और पूरे समर्पण, डेडिकेशन तथा पैशन के साथ अपने कार्यों को अंजाम देती हैं। यही वजह है कि आज वे न केवल अपने परिवार बल्कि समाज और देश के विकास में भी अहम योगदान दे रही हैं। उन्होंने कहा कि महिलाएं सबको साथ लेकर चलने की भावना रखती हैं, जो समाज को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने महिला सुरक्षा के मुद्दे पर महिलाओं से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि पुलिस विभाग लगातार महिलाओं की सुरक्षा को लेकर कई कदम उठा रहा है, लेकिन इस दिशा में महिलाओं की भागीदारी भी बेहद जरूरी है। महिलाओं से विशेष रूप से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि वे अपने घरों में बच्चों को महिलाओं/बेटियों के सम्मान और सुरक्षा के प्रति जागरूक करें तथा उन्हें अच्छे संस्कार दें। एसपी ने कहा कि यदि परिवार और समाज मिलकर बच्चों को सही दिशा देंगे तो महिलाओं के प्रति अपराधों में कमी लाई जा सकती है। उन्होंने जोर देकर कहा कि महिलाओं के लिए सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण बनाना हम सभी की साझा जिम्मेदारी है। जब पुलिस और समाज मिलकर काम करेंगे, तभी महिला सुरक्षा को मजबूत किया जा सकेगा और एक बेहतर समाज का निर्माण होगा।
