AI IMAGE
बोकारो के बालीडीह थाना क्षेत्र में वर्ष 2024 में दर्ज अपहरण, मारपीट और लूट के मामले में फरार चल रहे आरोपी अभय पाण्डेय को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी करीब दो वर्षों से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था।
पुलिस के अनुसार 15 अक्टूबर 2024 को गायत्री मंदिर निवासी नितिका कुमारी ने बालीडीह थाना में शिकायत दर्ज कराई थी कि विक्की गुप्ता, अभय पाण्डेय, बलराम विश्वकर्मा और अन्य लोगों ने मिलकर उसके भाई अंकित सिंह का अपहरण कर लिया था। आरोपियों ने अंकित सिंह को जबरन कार में बैठाकर सेक्टर-9 कूलिंग पॉन्ड इलाके में ले जाकर मारपीट की। इस दौरान उसके पास से नकद रुपये छीन लिए गए और मोबाइल के जरिए यूपीआई से भी पैसे ट्रांसफर किए गए। बाद में घायल अवस्था में उसे नया मोड़ इलाके में छोड़कर आरोपी फरार हो गए थे।
मामले में बालीडीह थाना कांड संख्या 301/2024 दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी अभय पाण्डेय घटना के बाद से फरार था, जिसे 22 मई 2026 को गिरफ्तार किया गया। वह बालीडीह थाना के एक अन्य मामले में भी फरार चल रहा था और उसके खिलाफ कई गैर-जमानती वारंट जारी थे।
गिरफ्तार अभय पाण्डेय बालीडीह थाना क्षेत्र के कुर्सीडीह हनुमानगढ़ी का निवासी है। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ मारपीट, हत्या के प्रयास और अन्य आपराधिक मामलों समेत कई केस पहले से दर्ज हैं। गिरफ्तारी अभियान में पुलिस अवर निरीक्षक संदीप कुमार, अजय कुमार राय, जबरा मुण्डू और बैजनाथ राउत शामिल थे।
