अपहृत युवती मुंबई से सकुशल बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार

बोकारो : जिले के गोमिया थाना क्षेत्र से अपहृत युवती को पुलिस ने मुंबई से सकुशल बरामद कर लिया है। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

यह कार्रवाई रंजीत पासवान द्वारा दर्ज कराए गए अपहरण के मामले में की गई। रंजीत पासवान ने अपनी पुत्री के अपहरण को लेकर गोमिया थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बोकारो के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बेरमो तेनुघाट के नेतृत्व में विशेष एसआईटी टीम गठित की गई।

जांच के दौरान गुप्त सूचना और तकनीकी सहयोग से पुलिस को पता चला कि अपहृत युवती को आरोपी मुंबई ले गए हैं। इसके बाद पुलिस टीम मुंबई पहुंची और युवती को सुरक्षित बरामद कर लिया। पुलिस ने मामले में गोमिया थाना क्षेत्र के जमकडीह निवासी प्रिंस कुमार साव और देवीपुर निवासी कुन्दन कुमार को गिरफ्तार किया है।

छापेमारी दल में अनुसंधानकर्ता पु.अ.नि. बिरसा बाड़ा, पु.अ.नि. अरुण कुमार, महिला आरक्षी सोनी कुमारी, चौकीदार विकास कुमार तथा तकनीकी शाखा बोकारो की टीम शामिल थी। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

Translate »