बोकारो : चास मुफ्फसिल थाना क्षेत्र अंतर्गत सिंहडीह गांव में सोमवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बोकारो की टीम और पुलिस प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में “इंटेंसिव लीगल अवेयरनेस एंड आउटरीच कैंपेन” के तहत विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को कानून संबंधी अधिकारों और सुरक्षा उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों और डीएलएसए टीम ने डायल 112, एंबुलेंस सेवा 108, साइबर हेल्पलाइन 1930, साइबर अपराध से बचाव, पॉक्सो एक्ट तथा यातायात नियमों के संबंध में लोगों को जागरूक किया।

अधिकारियों ने ग्रामीणों से किसी भी आपात स्थिति में हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करने और साइबर ठगी से सतर्क रहने की अपील की। साथ ही बच्चों की सुरक्षा, महिला संरक्षण और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने पर भी जोर दिया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
