बोकारो पुलिस ने BMW कंपनी से रंगदारी मांगने के मामले का किया खुलासा, प्रिंस खान गैंग का सहयोगी गिरफ्तार

बोकारो : बीएमडब्ल्यू प्लांट से रंगदारी मांगने और धमकी देने के मामले में बोकारो पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए प्रिंस खान गैंग के एक सहयोगी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सेक्टर-2सी निवासी 37 वर्षीय राकेश कुमार के रूप में हुई है। उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

मामले में 12 मार्च 2026 को बीएमडब्ल्यू प्लांट के मैनेजर सुरेश कुमार सिंह ने बालीडीह थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में फैक्ट्री संचालन के एवज में प्रिंस खान द्वारा रंगदारी मांगने और धमकी देने का आरोप लगाया गया था। इसके आधार पर बालीडीह थाना में मामला दर्ज कर पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया।

जांच के दौरान तकनीकी और मानवीय सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने राकेश कुमार को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह प्रिंस खान के संपर्क में था और उसके निर्देश पर अपने हाथ से धमकी भरा पर्चा लिखकर कंपनी परिसर में छोड़ा था। बाद में उसी पर्चे का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित कर कंपनी को दोबारा धमकी दी गई थी।

पुलिस के अनुसार, इस कार्य के बदले प्रिंस खान द्वारा आरोपी के बैंक खातों में कुल 1.50 लाख रुपये भेजे गए थे। आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि वह बोकारो में प्रिंस खान गैंग के विस्तार और प्रभाव बढ़ाने के लिए काम कर रहा था। मामले में आगे की जांच जारी है।

पुलिस ने आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त रेडमी-8 मोबाइल फोन भी बरामद किया है। छापेमारी अभियान का नेतृत्व थाना प्रभारी नवीन कुमार सिंह ने किया, जबकि टीम में आनंद आजाद, जितेंद्र कुमार यादव, कुलदीप कुमार राम सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

Translate »