धनबाद पुलिस की नई पहल; सब-इंस्पेक्टर और एएसआई को मिल रही विशेष ब्रीफिंग, पुलिसिंग होगी और प्रभावी

 

धनबाद: धनबाद में पुलिसिंग को अधिक प्रभावी और जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को पुलिस केंद्र में विशेष ब्रीफिंग कार्यशाला की शुरुआत की गई। पहले दिन जिले के सब-इंस्पेक्टर स्तर के अधिकारियों को प्रशिक्षण और ब्रीफिंग दी गई।

इस दौरान वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव और ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब मौजूद रहे।

एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि अब तक केवल डीएसपी, थाना प्रभारी और सर्किल ऑफिसर स्तर के अधिकारियों को ब्रीफिंग दी जाती थी, लेकिन अब पहली बार सब-इंस्पेक्टर और सहायक सब-इंस्पेक्टर को सीधे ब्रीफिंग देने की व्यवस्था की गई है।

उन्होंने बताया कि जिले में लगभग 340 सब-इंस्पेक्टर और करीब 500 एएसआई कार्यरत हैं। पहले चरण में सब-इंस्पेक्टरों को बैचवार प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जिसके बाद अगले पांच दिनों तक एएसआई को भी ब्रीफ किया जाएगा।

ब्रीफिंग के दौरान अधिकारियों को कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, अनुसंधान की गुणवत्ता और जनता के साथ व्यवहार को लेकर विस्तृत जानकारी दी जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस नई व्यवस्था से पुलिसिंग की गुणवत्ता में सुधार होगा और अपराध नियंत्रण में बेहतर परिणाम मिलेंगे।

 

Translate »