धनबाद: सरायढेला थाना क्षेत्र में महिला से छिनतई की घटना के कुछ ही देर बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। मंगलवार को डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर प्रकाश सोय ने अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में इसकी जानकारी दी।
डीएसपी ने बताया कि सोमवार शाम करीब 4:40 बजे सरायढेला थाना प्रभारी मंजीत कुमार को सूचना मिली कि बिना नंबर की पल्सर एनएस-125 बाइक पर सवार दो युवकों ने राजगंज निवासी जोशना देवी का लेडीज पर्स छीन लिया और फरार हो गए। सूचना मिलते ही सब-इंस्पेक्टर रजनीश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई शुरू कर आरोपियों का पीछा किया।
बलियापुर जाने वाली सड़क पर पीड़िता ने दोनों युवकों की पहचान की। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगे, लेकिन तेज रफ्तार के कारण उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। इसके बाद पुलिस ने दोनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। दुर्घटना में आरोपी चंदू कुमार विश्वकर्मा गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका इलाज एसएनएमएमसीएच में चल रहा है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बेलगड़िया निवासी करण कुमार वर्मा और चंदू कुमार विश्वकर्मा के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त काले रंग की पल्सर एनएस-125 मोटरसाइकिल, लाल रंग का लेडीज पर्स, जिसमें 4,500 रुपये नकद थे, तथा दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
डीएसपी प्रकाश सोय ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस उनके आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि वे अन्य छिनतई की घटनाओं में शामिल रहे हैं या नहीं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
