बोकारो जिले के चतरोचट्टी थाना क्षेत्र में महिलाओं से बैंक लोन के नाम पर धोखाधड़ी करने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। आरोपी की पहचान चुटटे गांव निवासी जीरू कुमारी के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, चुटटे गांव की कई महिलाओं को बैंक से लोन दिलाने के बाद राशि वापस बैंक में जमा कराने का झांसा देकर उनसे बड़ी रकम की ठगी की गई थी। इस संबंध में चतरोचट्टी थाना में कांड संख्या 17/2026, दिनांक 12 अप्रैल 2026 को मामला दर्ज किया गया था। शिकायत के बाद से पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी।
इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि जीरू कुमारी बोकारो जिले से बाहर भागने की कोशिश कर रही है। सूचना के आधार पर चतरोचट्टी थाना पुलिस ने विशेष छापेमारी अभियान चलाकर रामगढ़ जिले के गोला टोल गेट के समीप उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। छापेमारी टीम में कुन्दन कुमार यादव, शिव नंदन हांसदा, अजय मेहता, किशोर कुमार महतो, खुशबु कुमारी, तीजो कुमारी और विभा हांसदा शामिल थे। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
