धनबाद के होटल में साइबर गैंग का भंडाफोड़, 9 आरोपी गिरफ्तार

12 मोबाइल, 17 एटीएम कार्ड, सिम, क्यूआर कोड, चेकबुक और 50 हजार रुपये नकद बरामद, ऑनलाइन गेमिंग के जरिए विदेश भेजी जा रही थी रकम

धनबाद: वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर धनबाद पुलिस की साइबर अपराध रोकथाम टीम ने सरायढेला थाना क्षेत्र स्थित होटल न्यू हरि-इन में छापेमारी कर अंतरराज्यीय साइबर अपराध गिरोह का भंडाफोड़ किया। कार्रवाई के दौरान होटल के कमरा संख्या 103 और 108 से नौ साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। सभी आरोपियों के खिलाफ साइबर अपराध थाना कांड संख्या 36/26, दिनांक 30 जून 2026 दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के पास से 12 एंड्रॉयड मोबाइल फोन, 17 सिम कार्ड, 17 एटीएम कार्ड, चार यूपीआई क्यूआर कोड, दो चेकबुक, बैंक पासबुक तथा 50 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि मोबाइल फोन में कई बैंक खातों और गेमिंग एप से जुड़े महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य मौजूद हैं।

प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि यह गिरोह विभिन्न लोगों के नाम पर खुले बैंक खातों (म्यूल अकाउंट) को इकट्ठा कर ऑनलाइन गेमिंग एप संचालकों को उपलब्ध कराता था। इन्हीं खातों के माध्यम से साइबर ठगी की रकम का लेन-देन किया जाता था। पुलिस को आशंका है कि ऑनलाइन गेमिंग के जरिए भारतीय मुद्रा विदेशों में भेजी जा रही थी, जिससे देश की अर्थव्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार गिरोह अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय था। मामले में ऑनलाइन गेमिंग के मुख्य सरगना और अन्य सहयोगियों की तलाश की जा रही है। डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पूरे नेटवर्क की जांच जारी है।

गिरफ्तार आरोपियों में धनबाद, बिहार, ओडिशा और गोड्डा (झारखंड) के निवासी शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

Translate »