गोविंदपुर की ब्लैक ब्रियू बिवरेजेस में देर रात छापेमारी, स्टॉक सत्यापन में नहीं मिली कोई अनियमितता

धनबाद: उपायुक्त आदित्य रंजन के निर्देश पर मंगलवार देर रात करीब 1:30 बजे जिला प्रशासन और उत्पाद विभाग की संयुक्त टीम ने गोविंदपुर के देवली स्थित मेसर्स ब्लैक ब्रियू बिवरेजेस प्राइवेट लिमिटेड में औचक छापेमारी कर शराब के स्टॉक का भौतिक सत्यापन किया। जांच के दौरान किसी भी प्रकार की अवैध शराब या स्टॉक में गड़बड़ी नहीं पाई गई।

उपायुक्त ने बताया कि छापेमारी टीम ने प्रतिष्ठान का मुख्य गेट खुलवाकर परिसर में प्रवेश किया। प्रारंभिक पूछताछ में सुरक्षा गार्ड ने बताया कि कंपनी के कर्मचारी शाम के बाद अपने आवास चले जाते हैं। इसके बाद अवर निरीक्षक उत्पाद-सह-प्रभारी उत्पाद पदाधिकारी ने कंपनी के प्रबंधक को मौके पर बुलाया और उनकी उपस्थिति में नियमानुसार स्टॉक का भौतिक सत्यापन शुरू किया गया।

जांच के दौरान विदेशी शराब के गोदाम में ओल्ड हैबिट प्रीमियम व्हिस्की (180 एमएल) की 3 पेटियां, बॉटम्स अप व्हिस्की (180 एमएल) की 3 पेटियां, ओल्ड हैबिट रम (750 एमएल) की 852 पेटियां, 375 एमएल की 364 पेटियां तथा 180 एमएल की 1171 पेटियां मिलीं।

वहीं देशी शराब के गोदाम में धनबाद नंबर-01 (300 एमएल) की 458 पेटियां, झारखंड नंबर-01 (600 एमएल) की 106 पेटियां तथा 200 एमएल की 255 पेटियां पाई गईं।

उपायुक्त ने बताया कि भौतिक सत्यापन के दौरान कोई भी अवैध उत्पाद बरामद नहीं हुआ। गोदाम और फैक्ट्री में मौजूद सभी ब्रांडों का कंपनी के अभिलेखों से मिलान किया गया, जो पूरी तरह सही पाया गया।

उन्होंने कहा कि जिले में वित्तीय अथवा आबकारी संबंधी किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार की औचक कार्रवाई जारी रहेगी।

इस छापेमारी अभियान में गोविंदपुर थाना प्रभारी विष्णु प्रसाद राउत, निरीक्षक उत्पाद (सदर प्रक्षेत्र) देवीलाल सोरेन, अवर निरीक्षक उत्पाद जॉय हेंब्रम, अवर निरीक्षक उत्पाद जितेंद्र कुमार, गोविंदपुर थाना पुलिस बल तथा गृह रक्षकों की संयुक्त टीम शामिल रही।

Translate »