एसएसपी प्रभात कुमार की मॉनिटरिंग में विशेष अभियान, वर्षों से लंबित मामलों की न्यायिक प्रक्रिया को मिली रफ्तार
धनबाद: वर्षों से लंबित आपराधिक मामलों के निष्पादन को लेकर धनबाद पुलिस ने जून माह में बड़ी सफलता हासिल की है। वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रभात कुमार की निगरानी में चलाए गए विशेष अभियान के तहत जिले के विभिन्न थानों के 509 पुराने मामलों में चार्जशीट अथवा अंतिम प्रतिवेदन न्यायालय में दाखिल किया गया। इनमें कई ऐसे मामले भी शामिल हैं, जो लंबे समय से लंबित थे।
एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि समीक्षा के दौरान यह पाया गया कि कई मामलों में अनुसंधान पूरा होने के बावजूद तकनीकी, प्रशासनिक और प्रक्रियागत कारणों से चार्जशीट या अंतिम प्रतिवेदन न्यायालय में समर्पित नहीं हो सका था। दस्तावेजों के सत्यापन, केस डायरी के संकलन तथा अन्य औपचारिकताओं में देरी के कारण भी कई मामले लंबित थे। इन कमियों को दूर करने के लिए विशेष टीम गठित कर त्वरित कार्रवाई की गई।
उन्होंने कहा कि न्यायालय में चार्जशीट और अंतिम प्रतिवेदन दाखिल होने के बाद इन मामलों में ट्रायल की प्रक्रिया तेज होगी, जिससे पीड़ितों को समयबद्ध न्याय मिलने का मार्ग प्रशस्त होगा और दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई आगे बढ़ सकेगी।
एसएसपी ने कहा कि पुराने लंबित मामलों के निष्पादन का अभियान आगे भी जारी रहेगा। जिन मामलों में अब तक चार्जशीट या अंतिम प्रतिवेदन दाखिल नहीं हो सका है, उनकी भी समीक्षा कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए शीघ्र न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि धनबाद पुलिस का उद्देश्य लंबित मामलों की संख्या कम करना, न्यायिक प्रक्रिया को गति देना और आम जनता को त्वरित न्याय उपलब्ध कराना है।
