बोकारो में एल्यूमिनियम तार चोरी गिरोह का भंडाफोड़, चार गिरफ्तार

बालीडीह थाना क्षेत्र में पुलिस ने चोरी के एल्यूमिनियम तार की तस्करी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब 70 किलो कटिंग किया हुआ एल्यूमिनियम तार और एक आल्टो कार जब्त की है।

पुलिस को 22 मई 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की आल्टो कार में चोरी का एल्यूमिनियम तार लोड कर थाना मोड़ से नरकरा होते हुए ग्रामीण रास्ते से बाहर ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर थाना मोड़ के पास वाहन जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान कार संख्या जेएच10वी-3892 को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन लेकर भागने लगा। पुलिस ने घेराबंदी कर नरकरा पुलिया के पास वाहन को पकड़ लिया।

वाहन की तलाशी लेने पर हरे रंग के बोरे में करीब 70 किलो एल्यूमिनियम का कटिंग किया हुआ तार बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने बोकारो स्टील प्लांट के आसपास से एल्यूमिनियम तार चोरी कर जमा किया था और उसे रामगढ़ निवासी रोहित कुमार को बेचा था, जो चोरी के सामान को खपाने का काम करता था।

मामले में बालीडीह थाना कांड संख्या 91/26 दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। गिरफ्तार आरोपियों में प्रकाश कुमार उपाध्याय उर्फ घनु, सिंदु कुमार, प्रिंस कुमार और रोहित कुमार शामिल हैं। पुलिस के अनुसार गिरोह का मुख्य सरगना प्रकाश कुमार उपाध्याय है। गिरफ्तार दो आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है।

छापेमारी दल में पुलिस अवर निरीक्षक संदीप कुमार, जितेन्द्र कुमार यादव, अजय कुमार राय, अविनाश कुमार गौतम और हवलदार जबरा मुण्डू शामिल थे।

Translate »