अवैध बालू कारोबार पर पुलिस की कार्रवाई, बालू लदा दो ट्रैक्टर जब्त

RAMGARH : गोला थाना क्षेत्र में इन दिनों अवैध बालू कारोबार धड़ल्ले से जारी रहने की चर्चा है। क्षेत्र के दामोदर नदी, भैरवी नदी सहित विभिन्न नदी-नालों से अवैध रूप से बालू का उठाव कर मशीनों के माध्यम से ट्रैक्टर, टर्बो एवं अन्य वाहनों में लोड कर विभिन्न स्थानों तक पहुंचाया जा रहा है। इस बीच पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बालू लदे एक ट्रैक्टर को जब्त किया है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अवैध बालू का उत्खनन और परिवहन जारी है। ग्रामीणों का कहना है कि कई वाहन बिना किसी रोक-टोक के लगातार संचालित हो रहे हैं, जबकि समय-समय पर कुछ वाहनों को पकड़कर कार्रवाई की जाती है। लोगों का यह भी कहना है कि नदियों के किनारों एवं बीच धार से बालू निकाले जाने के कारण नदी का स्वरूप और अस्तित्व प्रभावित हो रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, कई स्थानों पर भारी मशीनों के जरिए बालू का उठाव किया जा रहा है, जिससे पर्यावरणीय संतुलन पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
इधर, पुलिस द्वारा बालू लदे ट्रैक्टर को जब्त किए जाने के बाद अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के बीच हड़कंप मच गया है। पुलिस का कहना है कि अवैध खनन एवं परिवहन के खिलाफ अभियान जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
क्षेत्रवासियों का मानना है कि यदि लगातार और निष्पक्ष कार्रवाई की जाए तो अवैध बालू कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है तथा नदियों के अंधाधुंध दोहन को रोका जा सकता है।
Translate »