धनबाद: बरोरा थाना क्षेत्र में हुई हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। मामले में मृतक के पुत्र सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार मृतक तुलेश्वर नोनियां की हत्या उसके मंझले पुत्र विजय नोनियां ने बीसीसीएल में अनुकंपा नियुक्ति पाने के उद्देश्य से कराई थी।
पुलिस को 20 जून की सुबह सूचना मिली थी कि चिटाही-बरोरा पीसीसी सड़क किनारे झाड़ियों के पास एक व्यक्ति का शव पड़ा है। इसके बाद बरोरा थाना में कांड संख्या 31/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर ग्रामीण एसपी के नेतृत्व में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बाघमारा अजीत कुमार विमल की अगुवाई में एसआईटी गठित की गई।
जांच के दौरान मृतक की पहचान तुलेश्वर नोनियां के रूप में हुई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विजय नोनियां, अखिलेश मल्लाह और अमित कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। पुलिस के अनुसार विजय नोनियां ने अपने पिता की हत्या के लिए 10 लाख रुपये की सुपारी दी थी।
आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त खून लगे दो पत्थर, मोटरसाइकिल (JH-10DD-4358), खून से सने कपड़े, गमछा तथा घटना में इस्तेमाल किए गए मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
छापेमारी दल में एसडीपीओ बाघमारा अजीत कुमार विमल, पुलिस निरीक्षक मो. रूस्तम, बरोरा थाना प्रभारी साधन कुमार, मधुबन थाना प्रभारी शुभम कुमार, सोनारडीह ओपी प्रभारी दिलीप पाल, सुबोध प्रमाणिक सहित बरोरा थाना के पुलिस बल शामिल थे। पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
