धनबाद: आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को धनबाद पुलिस केंद्र में व्यापक मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस दौरान सिटी एसपी ऋतविका श्रीवास्तव , ग्रामीण एसपी S. मोहम्मद याक़ूब ट्रैफिक डीएसपी, सीसीआर डीएसपी समेत बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और जवान मौजूद रहे।
मॉक ड्रिल के माध्यम से पुलिस बल को मोहर्रम जुलूस के दौरान उत्पन्न होने वाली संभावित आपात परिस्थितियों, विशेष रूप से भगदड़, भीड़ नियंत्रण और कानून-व्यवस्था संबंधी चुनौतियों से निपटने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। जवानों ने विभिन्न परिस्थितियों का अभ्यास कर अपनी तत्परता और समन्वय क्षमता का प्रदर्शन किया।

सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने बताया कि मोहर्रम को लेकर जिले में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मॉक ड्रिल का उद्देश्य पुलिसकर्मियों को किसी भी अप्रत्याशित स्थिति के लिए तैयार रखना है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
उन्होंने बताया कि जिले के संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर ली गई है। झरिया, बैंक मोड़ तथा अन्य महत्वपूर्ण इलाकों में विशेष निगरानी रखी जाएगी। इन क्षेत्रों में डीएसपी स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में क्विक रिस्पांस टीम (QRT) तैनात रहेगी, जो किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई करेगी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस अभ्यास से जवानों की तैयारी की समीक्षा के साथ-साथ उनकी प्रतिक्रिया क्षमता को भी परखा गया है। प्रशासन का लक्ष्य है कि मोहर्रम का पर्व पूरी तरह शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो तथा किसी भी अप्रिय घटना की संभावना को समय रहते रोका जा सके।
