धनबाद पुलिस की विशेष कार्यशाला का दूसरा दिन संपन्न, 100 से अधिक पुलिस पदाधिकारियों को मिला प्रोफेशनल पुलिसिंग का प्रशिक्षण

 

■एसएसपी ने दिए प्रभावी अनुसंधान और कानून-व्यवस्था सुदृढ़ीकरण के निर्देश, अपराध नियंत्रण के साथ समय पर चार्जशीट दाखिल करने पर जोर

■तकनीकी पुलिसिंग, जनसंपर्क और अपराध नियंत्रण पर विशेष फोकस, थाना स्तर के अधिकारियों को दिए गए व्यावहारिक सुझाव

धनबाद: पुलिस केंद्र धनबाद में वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार के नेतृत्व में आयोजित विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला के दूसरे दिन बुधवार को प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें जिले के विभिन्न थाना एवं ओपी में पदस्थापित 100 से अधिक पुलिस पदाधिकारी शामिल हुए।

कार्यशाला में सिटी एसपी रित्विक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी एस.मोहम्मद याकूब तथा पुलिस उपाधीक्षक (विधि-व्यवस्था) प्रकाश सोय भी उपस्थित रहे। प्रशिक्षण सत्र के दौरान पुलिस अवर निरीक्षक (सब इंस्पेक्टर) स्तर के पदाधिकारियों को कानून-व्यवस्था संधारण, अपराध नियंत्रण, गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान, जनसंपर्क, तकनीकी पुलिसिंग एवं पेशेवर कार्यशैली से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया गया।

एसएसपी प्रभात कुमार ने पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी मामलों में गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान सुनिश्चित करें तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर चार्जशीट न्यायालय में समर्पित करें। उन्होंने नए आपराधिक कानूनों एवं उनसे संबंधित प्रावधानों का निरंतर अध्ययन करने पर बल देते हुए कहा कि अद्यतन कानूनी जानकारी प्रभावी पुलिसिंग की आधारशिला है।

उन्होंने क्षेत्र में नियमित एवं सतर्क पेट्रोलिंग करने, अपराधियों एवं असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने तथा स्थानीय सूचना तंत्र को और अधिक मजबूत बनाने का निर्देश दिया। साथ ही थाना में आने वाले प्रत्येक फरियादी की शिकायत को गंभीरता से सुनने, उसकी समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ निराकरण करने तथा जनविश्वास बढ़ाने की दिशा में कार्य करने की बात कही।

प्रशिक्षण शिविर में मौजूद सभी पुलिस पदाधिकारियों को सिटी एसपी रित्विक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी एस.मोहम्मद याकूब तथा पुलिस उपाधीक्षक (विधि-व्यवस्था) श्री प्रकाश सोय ने भी सम्बोधित किया एवं आवश्यक दिशानिर्देश दिए।

कार्यशाला का उद्देश्य पुलिस पदाधिकारियों की कार्यक्षमता, अनुसंधान की गुणवत्ता तथा जनता को बेहतर पुलिस सेवा उपलब्ध कराने की दिशा में उन्हें व्यावहारिक और प्रभावी प्रशिक्षण प्रदान करना है।

Translate »