बोकारो: बालीडीह थाना पुलिस ने रंगदारी मांगने और मारपीट के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी मधु ठाकुर उर्फ प्रीतम को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। आरोपी करीब एक वर्ष से अधिक समय से गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार चल रहा था।
पुलिस के अनुसार, तुपकाडीह निवासी चुन्नु कुमार वर्णवाल ने 11 फरवरी 2025 को बालीडीह थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि फैब्रिकेशन कार्य के सिलसिले में विभिन्न क्षेत्रों में आने-जाने के दौरान कुर्मीडीह निवासी भैरव यादव और उसके सहयोगी उनसे रंगदारी की मांग करते थे। शिकायत के अनुसार, 10 फरवरी को कुर्मीडीह में आरोपियों ने रंगदारी नहीं देने पर उनके साथ मारपीट की, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
मामले में बालीडीह थाना कांड संख्या 50/2025 दर्ज कर पुलिस ने कार्रवाई शुरू की थी। जांच के दौरान सचिन यादव और सहयोग सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। वहीं मामले के अन्य आरोपी भैरव यादव उर्फ राम कुमार यादव, चिकू सिंह और रौशन कुमार ने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया था।
पुलिस ने बताया कि घटना में शामिल मधु ठाकुर उर्फ प्रीतम को 4-5 जून की रात गिरफ्तार किया गया। वह गोल मार्केट, कुर्मीडीह का निवासी है। आरोपी के खिलाफ बालीडीह थाना में रंगदारी, मारपीट, हत्या के प्रयास, अपहरण, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं के कई मामले पहले से दर्ज हैं।
गिरफ्तारी अभियान में पुलिस अवर निरीक्षक जितेंद्र कुमार यादव, अजय कुमार राय, सहायक अवर निरीक्षक बलदेव यादव तथा बालीडीह थाना के अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस ने बताया कि मामले में शामिल सभी आरोपियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जा चुकी है।
