■फरार अभियुक्तों पर कसा शिकंजा, 25 वारंटियों को भेजा गया जेल
धनबाद: वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार के निर्देशानुसार जिले में लंबित वारंटों के निष्पादन को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत धनबाद पुलिस ने मई माह में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। जिले के विभिन्न थाना एवं ओपी क्षेत्रों में चलाए गए अभियान के दौरान कुल 1277 वारंटों का निष्पादन किया गया जिसमे 1169 अभियुक्त वारंट तथा 98 स्थायी वारंट शामिल है।
इसके अलावा न्यायालय से निर्गत 10 कुर्की वारंटों का भी निष्पादन किया गया। अभियान के दौरान कार्रवाई करते हुए 25 वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया, जिससे फरार अभियुक्तों के विरुद्ध पुलिस की सख्ती स्पष्ट रूप से दिखाई दी।
लंबे समय से लंबित पड़े वारंटों के निष्पादन को प्राथमिकता देते हुए धनबाद पुलिस द्वारा विशेष रणनीति के तहत अभियान चलाया जा रहा है। सभी थाना एवं ओपी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लंबित वारंटों की समीक्षा कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। इसके तहत पुलिस टीमों द्वारा लगातार छापेमारी, सत्यापन अभियान और तकनीकी सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।
अभियान के दौरान ऐसे कई अभियुक्तों के विरुद्ध कार्रवाई की गई जो लंबे समय से न्यायालय में लंबित मामलों में वांछित थे। स्थायी वारंटों के निष्पादन के साथ-साथ कुर्की वारंटों की कार्रवाई से भी फरार अभियुक्तों पर दबाव बढ़ा है। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि इस प्रकार की कार्रवाई से न्यायालय के आदेशों का अनुपालन सुनिश्चित होने के साथ-साथ अपराधियों के बीच कानून का भय भी बढ़ता है।
धनबाद पुलिस की इस उपलब्धि को जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। मई माह में कुल 1277 वारंटों जिस्मे 1169 अभियुक्त वारंट, 98 स्थायी वारंट और 10 कुर्की वारंट के निष्पादन के साथ-साथ 25 वारंटियों को जेल भेजना पुलिस की सक्रिय कार्यशैली और प्रभावी पुलिसिंग का प्रमाण है।
इस विशेष अभियान की निगरानी डीएसपी मुख्यालय द्वारा की जा रही है। उनके नेतृत्व में सभी थाना प्रभारियों एवं अनुसंधान पदाधिकारियों को लंबित वारंटों के शीघ्र निष्पादन के लिए लगातार निर्देशित किया जा रहा है। अभियान की नियमित समीक्षा भी की जा रही है ताकि शेष लंबित वारंटों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जा सके।
एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि फरार अभियुक्तों, वारंटियों एवं न्यायालय के आदेशों की अवहेलना करने वालों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार का विशेष अभियान जारी रहेगा। पुलिस का उद्देश्य न्यायिक प्रक्रियाओं को गति देना, अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई करना तथा जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाना है। मई माह में प्राप्त यह सफलता धनबाद पुलिस के समन्वित प्रयासों और अपराध नियंत्रण के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है। पुलिस की कोशिश सभी लंबित वारंट को जल्द निष्पादित करने की है ताकि कानूनी प्रक्रिया को बल मिल सके।
