एसपी के नेतृत्व में खाकी वर्दीधारियों ने लिया पर्यावरण मित्र बनने का संकल्प
पाकुड़: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को जिला पुलिस लाइन समेत विभिन्न थानों में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पुलिस लाइन में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का नेतृत्व पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने किया। इस दौरान उन्होंने स्वयं पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण और संवर्धन का संदेश दिया। साथ ही, जिले के सभी पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी कड़ाई से देखभाल करने का आह्वान किया।
वृक्षारोपण अभियान के तहत पुलिस लाइन परिसर में विभिन्न प्रकार के छायादार और फलदार पौधे लगाए गए। इस मौके पर उपस्थित पुलिस अधिकारियों और जवानों को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने कहा कि पर्यावरण का संरक्षण केवल किसी एक दिन का अभियान या औपचारिकता नहीं है, बल्कि यह निरंतर चलने वाली जनभागीदारी से जुड़ा एक बड़ा सामाजिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि आज के समय में प्रकृति का संतुलन बनाए रखना बेहद जरूरी है, जिसके लिए हर व्यक्ति को आगे आना होगा।पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि सतत जनभागीदारी से जुड़ा दायित्व है। पुलिस बल न सिर्फ कानून व्यवस्था बल्कि सामाजिक व प्राकृतिक दायित्वों के प्रति भी सजग है।”

पौधों की रक्षा का लिया संकल्प
कार्यक्रम के दौरान एसपी ने उपस्थित सभी पुलिस अधिकारियों, जवानों और कर्मचारियों को लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल व सुरक्षा करने का संकल्प दिलाया। उन्होंने अपील की कि हर कर्मी कम से कम एक पौधे को गोद ले और उसके पेड़ बनने तक उसकी जिम्मेदारी उठाए। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य आम जनमानस में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना, हरित व स्वच्छ वातावरण को बढ़ावा देना और प्रकृति संरक्षण के प्रति सकारात्मक संदेश देना था।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
पाकुड़ पुलिस प्रशासन की ओर से कहा गया कि ‘हरित पाकुड़’ के सपने को साकार करने और पर्यावरण को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए यह मुहिम थमेगी नहीं। भविष्य में भी जिला पुलिस की ओर से व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण और जन-जागरूकता अभियान लगातार चलाए जाएंगे, ताकि आम नागरिकों को भी इस पुनीत कार्य से जोड़ा जा सके। इस अवसर पर भारी संख्या में पुलिस उपाधीक्षक, थाना प्रभारी, सार्जेंट मेजर सहित जिला पुलिस के कई अधिकारी और जवान उपस्थित थे।
