धनबाद पुलिस का पीजी पोर्टल शिकायतों के निस्तारण में रिकॉर्ड प्रदर्शन, 398 में से 376 मामलों का निष्पादन

 

■एसएसपी की मॉनिटरिंग का असर, ऑनलाइन शिकायतों के समाधान में ऐतिहासिक तेजी

■जनशिकायतों के त्वरित निस्तारण में धनबाद पुलिस राज्य में अव्वल, एक वर्ष में 104 प्रतिशत निष्पादन

धनबाद: धनबाद पुलिस द्वारा आम नागरिकों की शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। इसी क्रम में पीजी पोर्टल (Public Grievance Portal) के माध्यम से प्राप्त शिकायतों के निष्पादन में लगातार उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है।

वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार के निर्देशन एवं सतत निगरानी के कारण ऑनलाइन शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया में ऐतिहासिक तेजी आई है, जिससे आम नागरिकों को समयबद्ध एवं प्रभावी पुलिस सेवाओं का लाभ मिल रहा है।

मई 2025 के अंत तक पूर्व के 39 मामले लंबित थे। इसके बाद 1 जून 2025 से 31 मई 2026 के बीच पीजी पोर्टल पर 359 नई शिकायतें प्राप्त हुईं। इस प्रकार कुल 398 शिकायतें निष्पादन के लिए उपलब्ध थीं। इनमें से 376 मामलों का सफलतापूर्वक निस्तारण कर शिकायतकर्ताओं को आवश्यक राहत प्रदान की गई है, जबकि शेष 22 मामलों में जांच, सत्यापन एवं अन्य विभागीय प्रक्रियाएं जारी हैं।

धनबाद पुलिस द्वारा एक वर्ष के दौरान प्राप्त कुल शिकायतों की तुलना में लगभग 104 प्रतिशत मामलों का निष्पादन किया गया है, जो अपने आप में एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। यह प्रदर्शन राज्य स्तर पर भी सर्वश्रेष्ठ माना जा रहा है।

एसएसपी प्रभात कुमार ने सभी थाना प्रभारियों एवं संबंधित शाखा के पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि पीजी पोर्टल पर प्राप्त प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया है कि शिकायतों के समाधान में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी मामलों की नियमित समीक्षा जारी रहेगी।

एसएसपी प्रभात कुमार द्वारा की जा रही सतत मॉनिटरिंग के कारण लंबित मामलों में भी तेजी से कार्रवाई संभव हो रही है। धनबाद पुलिस ने शेष 22 शिकायतों के निस्तारण का लक्ष्य 20 जून से पूर्व निर्धारित किया है, ताकि सभी शिकायतकर्ताओं को समय पर न्याय एवं राहत उपलब्ध कराई जा सके तथा पुलिस व्यवस्था के प्रति जनता का विश्वास और अधिक मजबूत हो।

Translate »