धनबाद: धनबाद साइबर थाना पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ऐसे आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो आम लोगों के नाम पर बैंक खाते खुलवाकर उन्हें साइबर अपराधियों को बेचने का काम करता था। गुप्त सूचना के आधार पर पुराना बरवाअड्डा थाना के सामने स्थित कृष्णा इंटरनेट कैफे में छापेमारी कर पुलिस ने संतोष कुमार गोराई नामक आरोपी को गिरफ्तार किया। उसके पास से कई एटीएम कार्ड, सिम कार्ड और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
सोमवार को इस संबंध में जानकारी देते हुए डीएसपी सीसीआर प्रदीप कुमार साव ने बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक धनबाद के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक सीसीआर सह साइबर अपराध रोकथाम प्रभार के मार्गदर्शन में गठित टीम ने कृष्णा इंटरनेट कैफे में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान तिसरा थाना क्षेत्र के मुकुन्दा निवासी संतोष कुमार गोराई को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसके पास से एक मोबाइल फोन, छह सिम कार्ड तथा विभिन्न बैंकों के सात एटीएम कार्ड बरामद किए हैं।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह आम लोगों को झांसा देकर विभिन्न बैंकों में खाते खुलवाता था। इसके बदले उन्हें पांच हजार रुपये तक देता था और खाते से जुड़े एटीएम कार्ड तथा रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर अपने पास रख लेता था। बाद में इन खातों को एटीएम और सिम कार्ड के साथ साइबर अपराधियों को 20 से 25 हजार रुपये में बेच देता था।
जांच के दौरान आरोपी के मोबाइल में विभिन्न बैंक खातों और यूपीआई पेमेंट एप्लीकेशन से जुड़े स्क्रीनशॉट मिले हैं। प्रारंभिक जांच में इन खातों के खिलाफ राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर साइबर ठगी से संबंधित कई शिकायतें दर्ज पाई गई हैं। पुलिस के अनुसार इन खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी से अर्जित रकम की निकासी और ट्रांसफर के लिए किया जाता था।
इस मामले में साइबर थाना धनबाद में कांड संख्या 32/2026 दर्ज कर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023 की विभिन्न धाराओं तथा आईटी एक्ट की धारा 66(C) और 66(D) के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।
