उत्तर-पूर्व भारत का पहला आधुनिक सुविधाओं से लैस हेलमेट बूथ का एसएसपी ने किया उद्घाटन

जिले में 22 ट्रैफिक पोस्ट विकसित करने की योजना, 30 जवान व 10 पदाधिकारी अतिरिक्त तैनात

धनबाद: शनिवार को सरायढेला थाना क्षेत्र के गोल बिल्डिंग के पास धनबाद पुलिस की ओर से हेलमेट के आकार वाले आधुनिक ट्रैफिक पुलिस बूथ का उद्घाटन एसएसपी प्रभात कुमार ने किया। इस अवसर पर सिटी एसपी ऋतविक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी एस.मोहम्मद याकूब, ट्रैफिक डीएसपी रोहित कुमार साव, डीएसपी विधि-व्यवस्था प्रकाश सोय, डीएसपी सीसीआर प्रदीप कुमार साव, विभिन्न थाना प्रभारी, पुलिस पदाधिकारी, जवान तथा रैपिडो के क्षेत्रीय पदाधिकारी उपस्थित थे।

रेपीडो ट्रांसपोटेशन के सहयोग से गोल बिल्डिंग के पास स्थापित यह ट्रैफिक पोस्ट हेलमेट के आकार में बनाया गया है। धनबाद पुलिस के अनुसार यह उत्तर-पूर्व भारत का अपनी तरह का पहला आधुनिक सुविधाओं से युक्त ट्रैफिक पुलिस बूथ है। बूथ पूरी तरह इंसुलेटेड है, जिससे गर्मी और ठंड दोनों मौसम में अंदर का वातावरण संतुलित और आरामदायक बना रहता है। इसे विशेष सामग्री से तैयार किया गया है, जो पूरी तरह फायर-प्रूफ है। बूथ में लगाया गया शीशा मजबूत और अनब्रेकेबल है तथा इसके अंदर चार पुलिसकर्मियों के बैठने की व्यवस्था की गई है।

उद्घाटन के दौरान एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि बूथ को हेलमेट का स्वरूप इसलिए दिया गया है ताकि लोगों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़े और दोपहिया वाहन पर सवार चालक एवं पीछे बैठने वाला व्यक्ति भी अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनें। उन्होंने सभी वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित ड्राइविंग करने की अपील की।

एसएसपी ने बताया कि फिलहाल गोल बिल्डिंग में इस अनोखे ट्रैफिक बूथ की शुरुआत की गई है। जल्द ही मेमको मोड़ पर भी इसी प्रकार का हेलमेट आकार का आधुनिक ट्रैफिक चेक पोस्ट स्थापित किया जाएगा।

उन्होंने जानकारी दी कि जिले के व्यस्त एवं प्रमुख स्थानों पर कुल 22 ट्रैफिक पोस्ट चिन्हित किए गए हैं। इनमें से आठ स्थानों पर पोस्ट का निर्माण कराया जा चुका है, जबकि शेष स्थानों पर भी जल्द ही आधुनिक ट्रैफिक पोस्ट स्थापित किए जाएंगे।

यातायात व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए ट्रैफिक पुलिस में 30 अतिरिक्त जवानों और 10 पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति भी की गई है। एसएसपी महोदय ने कहा कि सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के अनुपालन को लेकर जिले में लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है और आगे भी यह अभियान जारी रहेगा।

 

 

 

 

 

Translate »