झरिया शिव मंदिर चोरी कांड का खुलासा, 24 घंटे में दो आरोपी गिरफ्तार

झरिया (धनबाद): झरिया थाना क्षेत्र के सुराटांड स्थित प्राचीन शिव मंदिर से पीतल का कलश और नाग देवता की मूर्ति चोरी मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सफल उद्भेदन कर लिया है। शनिवार को सिंदरी एसडीपीओ प्रकाश चन्द्र महतो और झरिया थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर शशि रंजन कुमार ने प्रेस वार्ता कर मामले की जानकारी दी।

एसडीपीओ प्रकाश चन्द्र महतो ने बताया कि 19 जून की शाम अज्ञात चोरों ने मंदिर के शिखर पर लगे पीतल के कलश और पीतल के नाग देवता की मूर्ति की चोरी कर ली थी। मामले में मंदिर समिति के सदस्य संजय पंडित की लिखित शिकायत पर झरिया थाना में कांड संख्या-135/2026 दर्ज किया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष जांच टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल दो आरोपियों अब्दुल खान (मोगलतालाब) और पवन कुमार (04 नंबर टैक्सी स्टैंड, झरिया) को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गया करीब 2 किलो वजनी पीतल का कलश, पीतल का नाग, लोहे का धुरमुस तथा वारदात में प्रयुक्त बजाज CT-100 मोटरसाइकिल (JH10-BP-7913) बरामद कर ली है।

छापेमारी टीम में थाना प्रभारी शशि रंजन कुमार, जितेन्द्र कुमार राम, भीमलाल पासवान, बिट्टू कुमार, भगत सिंह, संदीप कुमार सहित सिटी हॉक्स एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।

 

Translate »