बलियापुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 16 किलो गांजा समेत छह अपराधी गिरफ्तार

बलियापुर (धनबाद): बलियापुर पुलिस ने रविवार रात दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर छह अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से 16 किलोग्राम गांजा, चोरी की दो मोटरसाइकिल, आठ मोबाइल फोन और सोने के आभूषण बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपितों में विकास कुमार (मधेपुरा, बिहार), श्याम कांत सिंह (रांगामाटी, बलियापुर), सुमित कुमार निषाद, रोहित कुमार, शाहबाज अंसारी और रवि बाउरी शामिल हैं। पुलिस ने दो अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कर सोमवार को सभी आरोपितों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

रेलवे फाटक के पास 16 किलो गांजा बरामद:
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दो युवक बलियापुर-झरिया रोड स्थित रखीतपुर रेलवे फाटक के पास संदिग्ध अवस्था में घूम रहे हैं। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दोनों युवकों को पकड़कर तलाशी ली। उनके पिठू बैग से आठ-आठ पैकेट गांजा बरामद हुआ, जिसका कुल वजन 16 किलोग्राम बताया गया है।

इस अभियान में सिंदरी के एसडीपीओ प्रकाश चंद्र महतो, थाना प्रभारी सत्यजीत कुमार, अवर निरीक्षक हसरत जमाल, अनिल कुमार, मोहम्मद सरताज खान तथा सुरेश देवगन शामिल थे।

चोरी के सामान का बंटवारा करते चार युवक गिरफ्तार:
पुलिस की दूसरी कार्रवाई बेलगड़िया कॉलोनी क्षेत्र में की गई। बेलगड़िया टीओपी के सहायक अवर निरीक्षक इरफान अपनी टीम के साथ गश्ती पर थे। इसी दौरान सूचना मिली कि फेज-टू स्थित तीन तल्ला पानी टंकी के पीछे झाड़ियों में कुछ युवक चोरी के सामान का बंटवारा कर रहे हैं।

पुलिस ने तत्काल छापेमारी कर चार युवकों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से चोरी की दो मोटरसाइकिल, आठ मोबाइल फोन तथा सोने के आभूषण बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपितों ने अपनी पहचान सुमित कुमार निषाद, रोहित कुमार, शाहबाज अंसारी और रवि बाउरी के रूप में बताई।

पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है और बरामद सामान के संबंध में अन्य कड़ियों को भी खंगाला जा रहा है।

Translate »