धनबाद: जिले की यातायात व्यवस्था को और अधिक सुरक्षित एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से धनबाद पुलिस ने ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को आधुनिक संसाधनों से सशक्त करने की पहल की है। इसी क्रम में वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने मंगलवार को पुलिस केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में ट्रैफिक पुलिस के जवानों के बीच 50 बेटन लाइट का वितरण किया।
यह बेटन लाइट धनबाद राउंड टेबल 342 के सहयोग से उपलब्ध कराई गई है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि बेटन लाइट का उपयोग यातायात संचालन, वाहन जांच, रात्रि गश्ती और अन्य पुलिस कार्यों में किया जाएगा। इससे विशेष रूप से रात के समय ड्यूटी कर रहे पुलिसकर्मियों को बेहतर दृश्यता मिलेगी और यातायात प्रबंधन अधिक व्यवस्थित एवं सुरक्षित बनाया जा सकेगा।
उन्होंने कहा कि ट्रैफिक पुलिस को आधुनिक उपकरणों और संसाधनों से लैस करना विभाग की प्राथमिकता है, ताकि सड़क सुरक्षा को मजबूत करने के साथ-साथ आम नागरिकों को बेहतर यातायात सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
इस दौरान एसएसपी ने धनबाद राउंड टेबल 342 के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि सामाजिक संगठनों की ऐसी सहभागिता पुलिस की कार्यक्षमता बढ़ाने और जनसेवा को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों एवं ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की मौजूदगी रही।
