डायल-112 सेवा में धनबाद पुलिस का उत्कृष्ट प्रदर्शन, जून में 1836 शिकायतों का शत-प्रतिशत निष्पादन

एसएसपी के नेतृत्व में 8 मिनट 14 सेकंड का औसत रिस्पॉन्स टाइम, राज्य औसत से बेहतर प्रदर्शन

धनबाद: वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार के नेतृत्व में धनबाद पुलिस आम नागरिकों की शिकायतों के त्वरित समाधान की दिशा में लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रही है। डायल-112 सेवा के तहत जून माह में प्राप्त सभी शिकायतों का शत-प्रतिशत निष्पादन कर पुलिस ने अपनी तत्परता का परिचय दिया है।

जून माह के दौरान डायल-112 के माध्यम से धनबाद पुलिस को कुल 1836 शिकायतें प्राप्त हुईं। सभी मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए 100 प्रतिशत शिकायतों का निष्पादन किया गया। इस अवधि में धनबाद पुलिस का औसत रिस्पॉन्स टाइम 8 मिनट 14 सेकेंड दर्ज किया गया, जबकि राज्य का औसत रिस्पॉन्स टाइम 9 मिनट 26 सेकेंड रहा। इस प्रकार धनबाद पुलिस का प्रदर्शन राज्य के औसत से बेहतर रहा।

त्वरित प्रतिक्रिया के आधार पर धनबाद पुलिस पूरे राज्य में खूंटी और लातेहार के बाद तीसरे स्थान पर रही। हालांकि शिकायतों की संख्या, जिले की बड़ी आबादी और व्यापक भौगोलिक क्षेत्र को देखते हुए धनबाद का प्रदर्शन सबसे प्रभावशाली माना जा रहा है।

तुलनात्मक आंकड़ों के अनुसार, जून में खूंटी जिले में 139 शिकायतें प्राप्त हुईं, जहां पुलिस का औसत रिस्पॉन्स टाइम 8 मिनट 1 सेकेंड रहा। वहीं लातेहार में 294 शिकायतों पर औसत 8 मिनट 4 सेकेंड में पुलिस मौके पर पहुंची। इसके विपरीत धनबाद जैसे बड़े और व्यस्त जिले में 1836 शिकायतों के बावजूद 8 मिनट 14 सेकेंड का रिस्पॉन्स टाइम बनाए रखना पुलिस की प्रभावी कार्यप्रणाली और बेहतर समन्वय को दर्शाता है।

धनबाद पुलिस का यह प्रदर्शन त्वरित पुलिस सहायता व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ आम नागरिकों को समय पर सुरक्षा एवं सहायता उपलब्ध कराने की उसकी प्रतिबद्धता को भी रेखांकित करता है।

Translate »