जून मे दर्ज हुए 409 नए केस, 460 का निष्पादन; कार्रवाई में आगे निकली धनबाद पुलिस
एसएसपी की सख्ती का असर, अपराध और सड़क हादसों दोनों में बड़ी गिरावट

धनबाद: जिले में अपराध नियंत्रण और बेहतर पुलिसिंग के उद्देश्य से शुक्रवार को जिला पुलिस मुख्यालय में जून माह की अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसएसपी प्रभात कुमार ने की। इसमें सिटी एसपी ऋतविक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी एस.मोहम्मद याकूब, सभी डीएसपी, एसडीपीओ, थाना प्रभारी और ओपी प्रभारी शामिल हुए।
समीक्षा में बताया गया कि जून माह में जिले में 409 नए मामले दर्ज हुए, जबकि 460 मामलों का निष्पादन किया गया। लंबित मामलों की संख्या घटकर 1,794 रह गई है। एसएसपी ने अगले दो माह में इसे 1,600 से नीचे लाने का लक्ष्य तय किया।
जून में 574 लंबित वारंटों का निष्पादन किया गया, जो पिछले माह जारी वारंटों की संख्या से 150 अधिक है। एसएसपी ने जुलाई में लंबित वारंट और कुर्की मामलों के कम से कम 50 प्रतिशत निष्पादन का निर्देश दिया। साथ ही फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए एक सप्ताह का विशेष अभियान चलाने का आदेश दिया।
बैठक में बताया गया कि लंबित यूडी (अप्राकृतिक मृत्यु) मामलों की संख्या भी घटकर 1,000 से कम रह गई है और इनके निष्पादन में तेजी लाई जा रही है।
एसएसपी ने बताया कि पिछले वर्ष जहां जिले में औसतन हर माह करीब 600 आपराधिक मामले दर्ज होते थे, वहीं अब यह संख्या घटकर करीब 400 रह गई है। इस तरह जिले में अपराध दर में लगभग 30 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है।
सड़क सुरक्षा की समीक्षा में बताया गया कि मई की तुलना में जून में सड़क दुर्घटनाओं में 33 प्रतिशत की कमी आई है। ट्रैफिक प्रबंधन और जनजागरूकता अभियान को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए।
अनुसंधान कार्यों में जून के दौरान 509 मामलों में चार्जशीट या अंतिम प्रतिवेदन न्यायालय में दाखिल किया गया। वहीं ऑनलाइन प्राप्त 46 शिकायतों में से 30 का निष्पादन भी किया गया।
बैठक के अंत में एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि प्रभावी पुलिसिंग और लगातार चलाए जा रहे अभियानों के कारण जून माह में जिले में कोई बड़ी आपराधिक घटना नहीं हुई। उन्होंने संगठित अपराध पर सख्त कार्रवाई, फरार अपराधियों की गिरफ्तारी, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन और आम लोगों को बेहतर पुलिस सेवा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
