नाबालिग से छेड़छाड़ मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार

बोकारो : सेक्टर-05 क्षेत्र में एक 14 वर्षीय नाबालिग से कथित छेड़छाड़ के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामला पीड़िता की मां की शिकायत पर दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार, 31 मई की मध्यरात्रि नाबालिग अपने भाई के साथ घर में अलग-अलग कमरों में सो रही थी। आरोप है कि आयुष कुमार उर्फ सौरभ, गौतम कुमार और निखिल कुमार घर का गेट फांदकर अंदर घुस गए और रेप करने की नीयत से नाबालिग के साथ छेड़छाड़ की। पीड़िता के शोर मचाने पर उसका भाई जाग गया और विरोध किया। इस दौरान आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और मौके से फरार हो गए।

मामले में पीड़िता की मां के आवेदन के आधार पर सेक्टर-06 थाना में सेक्टर 06 थाना कांड सं0 24/06 दिनांक 01/06/2026 धारा 115(2)/ 74/ 333/3(5) बी० एन० एस० एवं 8 पोक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया।

अनुसंधान के दौरान पुलिस ने छापेमारी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों को 2 जून 2026 को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। मामले की जांच जारी है।

छापेमारी दल में पुलिस अवर निरीक्षक शशिभूषण गोप, सहायक अवर निरीक्षक गुप्तेश्वर पांडेय, आरक्षी उपेंद्र यादव, गणेश चंद्र महतो तथा गृह रक्षक संतोष कुमार शामिल थे।

Translate »