बोकारो में देर रात चला एंटी क्राइम अभियान, वाहनों की सघन जांच

बोकारो : पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा के निर्देश पर 15/16 जून की मध्यरात्रि जिले के सेक्टर-4, हरला, चास समेत विभिन्न थाना क्षेत्रों में विशेष फुट पेट्रोलिंग एवं एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य अपराध पर नियंत्रण, असामाजिक तत्वों पर निगरानी और आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना था।

थाना प्रभारियों के नेतृत्व में पुलिस पदाधिकारियों और जवानों ने प्रमुख बाजारों, संवेदनशील स्थलों तथा अड्डेबाजी के लिए चिन्हित स्थानों पर सघन पैदल गश्ती की। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर उनकी पहचान का सत्यापन किया गया और आपराधिक गतिविधियों पर विशेष नजर रखी गई।

पुलिस टीमों ने शहर के विभिन्न चौक-चौराहों और मुख्य मार्गों पर वाहन जांच अभियान भी चलाया। इसके तहत दोपहिया और चारपहिया वाहनों की जांच की गई। ड्रंक एंड ड्राइव जांच के दौरान नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई, जबकि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों को चेतावनी देते हुए नियमों के पालन के निर्देश दिए गए।

देर रात तक चले अभियान के दौरान पुलिसकर्मियों ने बाजार क्षेत्रों और सार्वजनिक स्थलों का भ्रमण कर दुकानदारों एवं स्थानीय लोगों से संवाद स्थापित किया। इस दौरान लोगों को चोरी, छिनतई, साइबर अपराध और अन्य आपराधिक गतिविधियों के प्रति सतर्क रहने के लिए जागरूक किया गया। साथ ही किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु अथवा गतिविधि की सूचना तत्काल स्थानीय थाना या डायल-112 पर देने की अपील की गई।

बोकारो पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराध एवं असामाजिक तत्वों के खिलाफ इस प्रकार के विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि जिले में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को प्रभावी ढंग से बनाए रखा जा सके।

Translate »