बोकारो: पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक (नगर) के नेतृत्व में शहर क्षेत्र के सभी थाना प्रभारियों के साथ व्यापक बाइक पेट्रोलिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों, प्रमुख चौक-चौराहों तथा अड्डेबाजी वाले स्थानों पर सघन जांच और तलाशी अभियान संचालित किया गया।
इस दौरान एंटी क्राइम चेकिंग, संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की जांच, ड्रंक एंड ड्राइव अभियान तथा यातायात नियमों के अनुपालन की भी जांच की गई। पुलिस ने अपराध नियंत्रण, असामाजिक तत्वों पर प्रभावी निगरानी और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से विभिन्न क्षेत्रों में गश्त तेज की।

पुलिस अधिकारियों ने आम लोगों से सतर्क रहने, किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने तथा यातायात और कानून संबंधी नियमों का पालन करने की अपील की। पुलिस का कहना है कि इस तरह के अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे, ताकि शहर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनी रहे।
