धनबाद: सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए धनबाद ट्रैफिक पुलिस ने मई माह में विशेष अभियान चलाया। वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रभात कुमार के निर्देश पर ट्रैफिक डीएसपी रोहित कुमार साव के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 2411 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इस दौरान कुल 38 लाख 98 हजार 50 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
अभियान के तहत खतरनाक जोन में वाहन पार्क करने के मामले में 219 तथा गलत पार्किंग के लिए 189 वाहन चालकों पर कार्रवाई हुई। फैंसी नंबर प्लेट लगाने वाले 140, बिना नंबर प्लेट के 36, प्रतिबंधित क्षेत्र में वाहन चलाने वाले 1, सरकारी आदेशों का उल्लंघन करने वाले 532, वाहन संबंधी सही जानकारी उपलब्ध नहीं कराने वाले 157, अनाधिकृत संचालन के 3, बिना ड्राइविंग लाइसेंस के 113 तथा अवैध मॉडिफिकेशन वाले 28 वाहनों का चालान काटा गया।
इसके अलावा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग करने वाले 2 चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। प्रदूषण मानकों और प्रेशर हॉर्न संबंधी उल्लंघनों में सर्वाधिक 1046 चालान किए गए। वहीं काला शीशा लगाने पर 29, बिना फिटनेस प्रमाणपत्र के 34, सीट बेल्ट का उपयोग नहीं करने पर 26, ट्रिपल राइडिंग के 78, बिना हेलमेट के 415 तथा बीमा नहीं होने पर 462 वाहन चालकों पर जुर्माना लगाया गया।
एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने वाहन चालकों से हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, वैध दस्तावेज साथ रखने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा सभी यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
