बोकारो: पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर शनिवार को “नशा मुक्त भारत अभियान” के तहत शहर के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस उपाधीक्षक (नगर) के नेतृत्व में जीजीपीएस स्कूल सेक्टर-5, डीएवी इस्पात विद्यालय सेक्टर-8डी, डीएवी स्कूल सेक्टर-2 सहित अन्य विद्यालयों में अभियान चलाया गया।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और अन्य उपस्थित लोगों को नशे के दुष्प्रभावों तथा इससे होने वाली सामाजिक, शारीरिक और मानसिक हानियों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही मादक पदार्थों के सेवन, तस्करी और अवैध कारोबार से जुड़े कानूनी प्रावधानों एवं दंडात्मक कार्रवाई के बारे में भी जागरूक किया गया।

इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों को नशे से दूर रहने, अपने परिवार और समाज को नशा मुक्त बनाने तथा नशे के खिलाफ जन-जागरूकता फैलाने की शपथ दिलाई गई।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि युवाओं और विद्यार्थियों को नशे की लत से बचाने तथा समाज में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से ऐसे कार्यक्रम आगे भी लगातार आयोजित किए जाएंगे। अभियान का उद्देश्य स्वस्थ, सुरक्षित और नशामुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।
