धनबाद: जिले में लगातार हो रही मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं के बीच निरसा अनुमंडल पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक संगठित वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने पांच युवकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की 13 मोटरसाइकिलें तथा चोरी में प्रयुक्त विशेष औजार बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार 19 जून 2026 को कालूबथान ओपी क्षेत्र से एक मोटरसाइकिल चोरी होने की घटना दर्ज की गई थी। इसके अलावा जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से लगातार बाइक चोरी की शिकायतें मिल रही थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक धनबाद के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (निरसा) लिलेश्वर महतो के नेतृत्व में विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया।

गुप्त सूचना के आधार पर 21 जून 2026 को नयाडांगा काली मंदिर मैदान के पास छापेमारी की गई, जहां पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमित कुमार चौहान, मनीष कुमार दुबे, सूरज हेम्ब्रम, चंदन कुमार एवं राज कुमार के रूप में हुई है। सभी आरोपी निरसा थाना क्षेत्र के विभिन्न इलाकों के निवासी हैं।
पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा:
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे संगठित गिरोह बनाकर विभिन्न क्षेत्रों से मोटरसाइकिल चोरी करते थे। चोरी के बाद बाइक का नंबर प्लेट हटा दिया जाता था, चेसिस नंबर घिसकर मिटा दिया जाता था और पहचान छिपाने के लिए वाहनों को नए रंग से पेंट कर दिया जाता था। इसके बाद मोटरसाइकिलों को मॉडिफाई कर बेच दिया जाता था।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने मौके से पांच तथा अन्य स्थानों से आठ चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कीं। साथ ही एक विशेष पेचकसनुमा औजार भी जब्त किया गया, जिसका अगला हिस्सा चाबी की तरह तैयार किया गया था और जिसका उपयोग बाइक का लॉक तोड़ने एवं स्टार्ट करने में किया जाता था।
कई मामलों में पहले से दर्ज हैं केस:
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों का पूर्व में भी वाहन चोरी के कई मामलों में आपराधिक इतिहास रहा है। इनके खिलाफ कुल्टी, चिरकुंडा और कालूबथान ओपी में वाहन चोरी से संबंधित कई कांड दर्ज हैं।
दर्ज हुआ मामला:
इस संबंध में कालूबथान ओपी कांड संख्या 204/2026 दिनांक 21 जून 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 112(2), 303(2), 317(4), 317(5) एवं 336(3) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।
इस कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी निरसा लिलेश्वर महतो, चिरकुंडा थाना प्रभारी आशुतोष कुमार, कालूबथान ओपी प्रभारी नितेश कुमार मिश्रा, कुमारधुबी ओपी प्रभारी मैथ्यु एक्का सहित कालूबथान ओपी के पुलिस पदाधिकारी, जवान और चौकीदार शामिल थे।
पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों और चोरी की घटनाओं में उनकी संलिप्तता की जांच जारी है। बरामद मोटरसाइकिलों के वास्तविक मालिकों की पहचान कर उन्हें वाहन सौंपने की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है।
