एसएसपी के निर्देश पर बैंक सुरक्षा अभियान, सीसीटीवी से लेकर स्ट्रांग रूम तक की हुई जांच
बैंकों की सुरक्षा पर धनबाद पुलिस सख्त, संदिग्धों से पूछताछ और सुरक्षा व्यवस्था की गहन पड़ताल
: धनबाद: वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार के निर्देश पर सोमवार को धनबाद जिले के सभी थाना क्षेत्रों में स्थित बैंकों में व्यापक औचक सुरक्षा जांच अभियान चलाया गया। संबंधित थाना प्रभारियों के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने विभिन्न बैंक शाखाओं का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का गहन जायजा लिया।
जांच के दौरान बैंक परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, अलार्म सिस्टम, सुरक्षा गार्डों की तैनाती, प्रवेश एवं निकास मार्ग, स्ट्रांग रूम की सुरक्षा तथा अग्निशमन व्यवस्था की जांच की गई। साथ ही बैंक परिसर और आसपास संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी व्यवस्था का भी निरीक्षण किया गया। पुलिस अधिकारियों ने बैंक प्रबंधन को सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल स्थानीय थाना को देने का निर्देश दिया।
अभियान के दौरान बैंक में आने वाले लोगों की पहचान का सत्यापन किया गया तथा बैंक परिसर और उसके बाहर अनावश्यक रूप से खड़े लोगों से पूछताछ की गई। सुरक्षा की दृष्टि से बैंक के मुख्य प्रवेश द्वार के सामने किसी भी वाहन को पार्क नहीं करने का निर्देश भी दिया गया, ताकि आपात स्थिति में पुलिस एवं सुरक्षा एजेंसियों की आवाजाही बाधित न हो।
पुलिस टीमों ने बैंक ग्राहकों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करते हुए एटीएम पिन, ओटीपी, बैंक खाते से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने और बड़ी राशि के लेन-देन के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी।

वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने कहा कि बैंक आम नागरिकों की आर्थिक सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण संस्थान हैं। उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना धनबाद पुलिस की प्राथमिकता है। बैंक डकैती, लूट, चोरी, साइबर ठगी एवं अन्य आपराधिक घटनाओं की रोकथाम के उद्देश्य से जिले में इस तरह के औचक सुरक्षा जांच अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे।
